जीरकपुर। भारतीय क्रिकेट टीम और महान बल्लेबाज के सबसे चर्चित प्रशंसकों में शुमार सुधीर चौधरी का बलटाना स्थित मॉडर्न एनक्लेव में आगमन हुआ। क्रिकेट मैदानों में पूरे शरीर पर तिरंगे के रंग और सीने पर मिस यू तेंदुलकर’ लिखवाकर टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने वाले सुधीर चौधरी को देखने और उनसे मिलने के लिए लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।
मॉडर्न एनक्लेव निवासी रजिंदर कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से सुधीर चौधरी को अपने घर आमंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे। लंबे इंतजार और लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार उनका यह सपना साकार हुआ और सुधीर चौधरी उनके निवास पर पहुंचे। इस अवसर को उन्होंने अपने जीवन के यादगार पलों में से एक बताया।
इस मौके पर रजिंदर कुमार ने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के जीवन पर आधारित अपनी लिखी पुस्तक शून्य से महाशतक सुधीर चौधरी को भेंट की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुधीर चौधरी के माध्यम से उन्हें जल्द ही मुंबई स्थित सचिन तेंदुलकर के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात करने का अवसर मिलेगा।
रजिंदर कुमार ने कहा कि क्रिकेट के प्रति सुधीर चौधरी का जुनून और सचिन तेंदुलकर के प्रति उनका समर्पण लाखों खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्षों से भारतीय टीम का मनोबल बढ़ाने वाले सुधीर चौधरी आज केवल एक प्रशंसक नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट प्रेम और जुनून की एक जीवंत पहचान बन चुके हैं।
सुधीर चौधरी के आगमन से क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में भी खास उत्साह देखने को मिला और लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद किया।