मोहाली। नगर निगम चुनाव में जो भारतीय जनता पार्टी की ओर से उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं, उनके इश्तहारों और टेंट को किसानोें की आड़ में कुछ शरारती तत्व नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसा करके उनको चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा के उम्मीदवारों ने फेज-4 में स्थित मोहाली प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता की और शरारती तत्वों की ओर से उनके इश्तहारों को पहुंचाए जा रहे नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि इश्तहार फाड़ते हुए शरारती तत्वों की वीडियो बनाकर वायरल की जा रही है।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के उम्मीदवारों में वार्ड-50 से सूफी गायक एवं नेता मदन शौंकी, वार्ड-49 से कुलविन्द्र कौर और वार्ड-5 से रूपिंदर कौर कंवल ने बताया कि कांग्रेसी समर्थकों की ओर से उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकने के लिए ऐसे हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह शरारती तत्व ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि जैसे हमने चुनावी मैदान में उतरकर कोई अपराध कर दिया हो।
इस अवसर पर भाजपा उम्मीदवारों ने यह भी बताया कि हमला करने वाले लोगों में महिलाएं भी शामिल थीं और यह लोग खुद को किसान बताकर उनके पास आए और उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इतना ही नहीं देखते ही देखते इन हमलावरों ने उनको डंडे मारने शुरू कर दिए और धक्कामुक्की भी करनी शुरू कर दी।
इन हमलावरोें से पीड़ित मदन शौंकी ने बताया कि उन्होंने भाग कर इन हमलावरों से अपनी जान बचाई। इसी दौरान कुलविन्द्र कौर ने बताया कि वह अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में गई हुईं थीं, और घर पर बच्चे थे। बेटी ने फोन किया कि कुछ लोगों की भीड़ ने उनके घर पर लगा टेंट और पोस्टर फाड़ दिए हैं। अपने घर हमला होने की बात सुनकर वह तुरंत घर पहुंची तो देखा कि सभी आरोपी कांग्रेसी कार्यकर्ता थे।
वहीं, रुपिन्दर कौर कमल ने बताया कि दो दिन पहले एक स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ लोग उनके वार्ड में पहुंचे और उन्होंने हमारे पोस्टर और टेंट को फाड़ दिया। वहीं, मदन शौंकी ने कहा कि भाजपा उम्मीदवारों की चुनाव सामग्री को कांग्रेस के कार्यकर्ता नुकसान पहुंचा रहे हैं। पुलिस को निगरानी रखकर इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और उन्हें ऐसा करने से रोका जाना चाहिए।
उन्होंने मोहाली पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि भाजपा उम्मीदवारों पर हमले करने और उनके पोस्टर और टेंट फाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।