मोहाली। होली के दिन दोपहर करीब एक बजे कुछ नाबालिगों ने बलौंगी निवासी आकाश पुत्र राजिंदर (उम्र 17 वर्ष) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इनका दो दिन पहले आकाश से झगड़ा हुआ था। इसी वजह से इन्होंने होली के दिन आकाश की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने नाका भी लगा रखा था, लेकिन हमलावरों ने इसकी भी परवाह नहीं की।
हमलावरों ने बलौंगी पानी की टंकी के पास आकाश की पीठ में चाकू से कई वार किए। चाकू लगने के बाद घायल आकाश अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन थोड़ी दूर जाने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और वहीं मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे आकाश के परिजन उसे मोहाली के सिविल अस्पताल ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बलौंगी थाने के एसएचओ अमनदीप कंबोज ने बताया कि आकाश पर हमला कर उसकी हत्या करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच लड़कों को गिरफ्तार किया गया है, जो कि सभी नाबालिग हैं। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है तथा इसमें और लड़कों के शामिल होने की संभावना है।