खरड़। खरड़ सिटी पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी जसवीर सिंह उर्फ राजा गिल को गिरफ्तार करके खरड़ अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे ज्यूडिशियल हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
मामले की जांच कर रहे एएसआई लखविंदर सिंह ने अदालत को बताया कि शिकायतकर्ता बलबीर सिंह निवासी गांव डकाला जिला रूपनगर ने साल 2018 में सिंगापुर जाने के लिए आरोपी जसवीर सिंह के साथ संपर्क किया था। आरोपी जसवीर सिंह उर्फ राजा गिल व संदीप सिंह माहल दोनों ने मिलकर बांसों वाली चुंगी के पास लोगों को विदेश भेजने के लिए दफ्तर खोला हुआ था। शिकायतकर्ता ने कुछ पैसे अपने रिश्तेदारों से उधार लेकर तथा कुछ पैसे ब्याज पर लेकर कुल 3 लाख 70 हजार रुपये समेत पासपोर्ट तथा अन्य दस्तावेज इन आरोपियों को दे दिए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एक महीने के अंदर वर्क परमिट लगाकर देने का आश्वासन दिया था परंतु चार महीने बीत जाने के बाद भी न तो शिकायतकर्ता का वीजा लगवाया और न ही पैसे लौटाए।
शिकायतकर्ता ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत एसएसपी को भेज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इसकी जांच जिला अपराध शाखा ने की। जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी खरड़ में 2018 में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। खरड़ पुलिस ने आरोपी जसवीर सिंह उर्फ राजा गिल को शुक्रवार को खरड़ बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को खरड़ अदालत मे पेश किया तो जज ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।