जीरकपुर। जीरकपुर के वार्ड नंबर 29 के सन्नी एनक्लेव में पुलिस ने जमकर गुंडागर्दी की। लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कालोनी के बीच रास्ते में दीवार खड़ी कर दी। स्थानीय लोगों ने जब विरोध दर्ज कराया तो जीरकपुर, बलटाना, ढकोली, डेराबस्सी, लालड़ू पुलिस ने जमकर लोगों को पीटा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब पुलिस की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई तो पुलिस ने अपनी साख बचाने के लिए लोगों के घरों से जबरन सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी जबरदस्ती उठा लिया जो कानूनन सही नहीं है। बता दें कि जीरकपुर पुलिस वैसे बड़ा हादसा होने के बाद इतने बड़े पैमाने पर एकत्रित नहीं होती। जब मीडिया ने पुलिस की करतूतों को कैमरे में कैद करना चाहा तो मुबारिकपुर चौकी के चौकी इंचार्ज नरपिंदर पाल सिंह ने एक पत्रकार का कैमरा छीन लिया और मीडिया कर्मी से हाथापाई भी की। इस मामले में चौकी इंचार्ज नरपिंदर सिंह ने बात की गई तो चौकी इंचार्ज ने अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। उल्टा पत्रकारों ने उनके साथ गाली-गलौज की है।
सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लेने के लिए भाई-बहन को लुटेरों की तरह धुना
स्थानीय लोगों के साथ मौजूद महिलाओं ने बताया कि उनमें से ज्यादातर के पति सरहदों की रक्षा के लिए बॉर्डर पर या जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं, जहां इस समय उनके पतियों से बात भी नहीं हो पा रही। वे पुलिस की दबंगई से भयभीत हैं। इस सारी कार्रवाई के सबूत मिटाने के लिए पुलिस सेना में ईएमई रेजिमेंट में कार्यरत संतोष कुमार के घर में जबरन घुसी और पहले तो उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी। जब उन्होंने बताया कि डीवीआर में अब तक की गई सारी कार्रवाई कैद हो गई है तो पुलिस ने जबरन घर में मौजूद परिवार के बच्चों प्रिया गुप्ता जो कि बीएससी की विद्यार्थी हैं व उसके भाई विवेक गुप्ता की लुटेरों की तरह धुनाई कर डाली। उन्हें रात में ही चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल ले जाया गया, जहां वे उपचाराधीन हैं। दोनों बच्चे पुलिस की गुंडागर्दी से इस कदर सहमे हुए हैं कि वे कुछ भी बोलने और समझने की स्थित में नहीं हैं।
एएसआई पर कार्रवाई की मांग
एएसआई के खिलाफ मीडियाकर्मियों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की है। मामले ने तूल पकड़ लिया है क्योंकि इस एएसआई ने चौथी बार मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज व बदसलूकी की है। दिवाली के चलते सब-डिवीजन डेराबस्सी के मीडियाकर्मियों ने निर्णय लिया है कि इस मामले को लेकर दिवाली के बाद एसएसपी मोहाली कुलदीप चहल से शिकायत कर एएसआई नरपिंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।