जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र में नववर्ष पर स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। नगर परिषद जीरकपुर के सहयोग से वार्ड-7 के आप के प्रभारी सुरेश सैनी ने अपने वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया। उन्होंने वार्डवासियों के साथ संकल्प लिया कि आने वाले समय में वार्ड को इसी तरह साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखा जाएगा। इस सफाई अभियान में नगर परिषद जीरकपुर की ओर से सेनिटरी इंस्पेक्टर मनोज शर्मा, सुपरवाइजर सूरज और उनकी पूरी सफाई टीम मौजूद रही। टीम ने पूरे वार्ड में गली-मोहल्लों और सड़कों के किनारे फैले कूड़ा-करकट की सफाई की। इसके साथ ही खाली प्लॉटों में लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेरों को भी हटाया। इसमें क्षेत्र में स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके। वार्ड प्रभारी सुरेश सैनी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। नववर्ष की शुरुआत स्वच्छता अभियान से करना एक सकारात्मक संदेश देता है। नगर परिषद के सेनिटरी इंस्पेक्टर मनोज शर्मा ने भी आश्वासन दिया कि आगे भी नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रहेगा और जहां-जहां आवश्यकता होगी वहां विशेष अभियान चलाए जाएंगे। यह अभियान नव वर्ष के अवसर पर स्वच्छता और जनसहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है। इस मौके पर वीणा रानी, चंचल रानी, उर्मिला रानी, कमलेश, गुरबचन सिंह, पवन कुमार, दीक्षित सिंगला और टोनी मौजूद रहे।