मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर हादसे के दौरान मर्सिडीज कार में सवार आरोपी प्रभनूर और अर्जुन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है, जिसने सोमवार को चंडीगढ़ और मोहाली में कई जगह छापा मारा, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम अब नई रणनीति तैैयार करने में जुट गई है। उधर, सोमवार को मर्सिडीज कार चालक सम्राट को पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया दिया है।
पुलिस ने मर्सिडीज कार चालक आरोपी सम्राट के दोस्त अर्जुन की तलाश में चंडीगढ़ के सेक्टर-9 और प्रभनूर की तलाश में फेज-3बी2 मोहाली में दबिश दी। दोनों के घरों पर ताले लगे थे। पुलिस ने उनके पड़ोसियों से भी पूछताछ की। जांच में पता चला है कि प्रभनूर के पिता होटल कारोबारी हैं। इतना ही नहीं ये भी स्पष्ट हो गया है कि तीनों आरोपी नशे में थे और मर्सिडीज कार चालक सम्राट के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। एयरपोर्ट रोड पर शनिवार सुबह पांच बजे तेज रफ्तार मर्सिडीज ने एक अर्टिगा कार को हिट करने के बाद दो साइकिल सवारों को रौंद दिया था। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से धर्मप्रीत व अंकुश नरूला यूएस बेस्ड कंपनी में काम करते थे, जबकि राम प्रसाद एक नामी भारतीय कंपनी में तैनात थे।
140 से अधिक थी रफ्तार, फट गए थे गाड़ी के टायर
जांच में सामने आया है कि जिस समय मर्सिडीज ने अर्टिंगा कार व दो साइकिल सवारों को अपनी चपेट में लिया रफ्तार 150 के करीब थी। वहीं, हादसे के बाद जब मर्सिडीज सड़क किनारे लोहे की ग्रिल में जाकर फंसी थी तो उसके टायर एक दम फट गए थे और गाड़ी के एयर बैग खुल गए थे। अन्यथा आरोपियों की जान जा सकती थी। हादसे वाली मर्सिडीज कार टॉप मॉडलों में एक है। इसकी कीमत एक करोड़ के करीब है।
एयरपोर्ट रोड पर हादसा रोकने के लिए बनाई स्पेशल रणनीति
एयरपोर्ट रोड पर हादसा रोकने के लिए पुलिस की टीमें स्पेशल प्लानिंग करने में जुट गई हैं। पुलिस की कोशिश है जिस जगह पर हादसे अधिक होते हैं वहां स्पीड ब्रेकर जैसी चीजें बनाई जाएं। ताकि लोग गाड़ी को कम रफ्तार से लेकर आएं। साथ ही हादसों को रोका जा सके। इससे पहले एयरपोर्ट रोड पर लगे सारे कट बंद किए थे।