मोहाली। शहर में बढ़ती आबादी और चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों की संख्या के बावजूद पर्याप्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ में नौकरी करने वाले कर्मचारियों, सचिवालय, पीजीआई और बस स्टैंड जाने वाले लोगों को निजी वाहनों या महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ऐसे में मोहाली में सीटीयू बस सेवा का विस्तार कर नए रूट शुरू करने की मांग उठी है। इसी संबंध में भाजपा पार्षद गुरप्रीत कौर उभा और भाजपा नेता हरदेव सिंह उभा ने चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट विभाग के सचिव अविकेश गुप्ता से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने वेव एस्टेट सेक्टर-85-86, सेक्टर-88, सेक्टर-98-99, सेक्टर-80 और सेक्टर-105 सहित नए विकसित क्षेत्रों को सीटीयू के लोकल बस नेटवर्क से जोड़ने की मांग की। हरदेव सिंह उभा ने कहा कि इन क्षेत्रों में आबादी लगातार बढ़ रही है। यहां नियमित बस सेवा के साथ जरूरत के अनुसार नए बस स्टॉप भी बनाए जाने चाहिए। इससे लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा।
उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट सचिव ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सचिव ने बताया कि सीटीयू को जल्द नई बसें मिलने वाली हैं, जिसके बाद मोहाली के लिए नए रूट शुरू करने और मौजूदा सेवाओं के विस्तार पर कार्रवाई की जाएगी।