जीरकपुर। लोहगढ़ में घनी आबादी वाले क्षेत्र में कई मीट की दुकानें चल रहीं हैं। इस कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह मीट की दुकानें कई वर्षों से चल रहीं हैं। खुले में इन दुकानों पर मीट काटा जाता है। अगर नियमों की बात करें तो किसी भी धार्मिक स्थान के 100 मीटर के दायरे में कोई भी मीट की दुकान नहीं खोली जा सकती लेकिन यहां पर श्री विश्वकर्मा सनातन धर्म मंदिर के 100 मीटर के दायरे में तीन से चार मीट की दुकानें हैं।
इसके संबंध में पहले भी अखबारों में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अब लोगों ने इन मीट की दुकानों के खिलाफ जिला प्रशासन को शिकायत की है। लोगों की शिकायत के बाद एडीसी मोहाली ने 28 जुलाई 2025 को नगर परिषद जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी को एक पत्र जारी करके उस जगह का मौका देखकर नियमों के अनुसार कार्रवाई करके रिपोर्ट पेश करने को कहा है। अभी तक एडीसी मोहाली के आदेशों को नगर परिषद जीरकपुर ने कोई तवज्जो नहीं दी है।
नप कार्रवाई करे
रिहायशी क्षेत्र में मीट की दुकान खोलकर खुले में मांस काटना गैरकानूनी है। ऐसा बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए। प्रशासन को तुरंत इसकी तरफ ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए। हमने जो शिकायत दर्ज करवाई है उसके ऊपर जल्द कार्रवाई कर इनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। - तेजिंदर सिंह तेजी सिद्धू, पार्षद
धार्मिक भावना को पहुंचती है ठेस
सुबह-सुबह लोग मंदिर जाते हैं, तो उस समय भी यहां पर मीट की दुकानों में जानवर काटे जाते हैं। उनको देखकर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचती है। मांस काटने के लिए अलग से मीट मार्केट होनी चाहिए जहां पर जानवरों को काटते हुए बाहर दिखाई नहीं देना चाहिए। मंदिर या किसी धार्मिक स्थान के नजदीक मीट काटने की कोई भी दुकान नहीं होनी चाहिए। -अजय झा
नियमों का होता है उल्लंघन
लोहगढ़ में मीट काटने वालों द्वारा सरेआम नियमों का उल्लंघन किया जाता है। इसके साथ-साथ खुले में मीट काटकर लोगों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ किया जाता है। मीट को खुले में रखा जाता है। इसके ऊपर हमेशा मक्खियां भी भिनभिनाती रहती हैं। - रविंद्र सिंह
मौका चेक कर लिया जाएगा और जो भी मीट काटने वाला दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - जगजीत सिंह जज, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जीरकपुर