मोहाली। इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी में नगर निगम की गोशाला में पशुओं की जा रही देखभाल का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू वहां पहुंचे। उनके साथ निगम कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मेयर ने गोशाला चला रही संस्था के नुमाइंदों को हिदायत दी है कि गोशाला में पानी की पूरी सप्लाई की जाए। साथ ही पशुओं की उचित तरीके से देखभाल की जाए।
मेयर व उनकी टीम सुबह गोशाला में पहुंची। इस दौरान टीम ने पूरी गोशाला में पशुओं के बाड़ों का दौरा किया। साथ ही प्रत्येक चीज को करीब से परखा। इतना ही नहीं गोशाला के पशुओं की गिनती भी गई। साथ ही गोशाला के रजिस्टर भी चेक किए। गोशाला चला रही संस्था के नुमाइंदों ने उन्हें प्रत्येक चीज के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल व डिप्टी मेयर मनजीत सिंह सेठी भी मौजूद रहे।
पशुओं को गर्मी से बचाने के करें इंतजाम
मेयर ने गोशाला प्रबंधकों को कहा कि इस बार गर्मी का सीजन कुछ जल्दी ही शुरू हो गया। साथ ही इस बार भयंकर गर्मी होने के आसार लगाए जा रहे है। ऐसे में पशुओं की सेहत का पूरा ध्यान रखा जाए। पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए उचित इंतजाम किए जाए।
पशुओं की संख्या बढ़ने पर तुरंत निगम को करे सूचित
मेयर ने कहा कि अब सरकारी गोशाला में पशुओं की संख्या ज्यादा नहीं है। उन्होंने गोशाला संभाल रही संस्था के मेेंबरों को कहा है कि पशुओं की संख्या में बढ़ोतरी होती है तो तुरंत इस बारे में अधिकारियों को सूूचित किया जाए ताकि अतिरिक्त पशुओं को बलौंगी में स्थापित की गोशाला में शिफ्ट किया जा सके। याद रहे कि इलाके में लावारिस पशुओं की समस्या गंभीर है। आए दिन लावारिस पशुओं की वजह से हादसों का शिकार हो रहे है।