मोहाली। दुनिया भर में फैले कोरोना वायरस के आतंक से शहर के लोगों को बचाने के लिए मोहाली जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रशासन ने सभी मैरिज पैलेसों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसका खुलासा जिले के डीसी गिरीश दियालन की ओर से किया गया है। उन्होंने कहा है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उन्होंने यह कदम उठाया है और इसके लिए उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन की तरफ से दिए गए आदेशों में साफ किया गया है कि अब रेस्टोरेंट में लोगों को बैठकर खाना नहीं परोसा जाएगा। बल्कि रेस्टोरेंट केवल होम डिलीवरी ही कर पाएंगे। क्योंकि अगर वहां पर बैठकर खाने की अनुमति दी जाएगी, तो इससे वायरस के फैलने का खतरा सबसे अधिक है।
इसके अलावा प्रशासन ने कहा है कि अगर प्रबंधक चाहते हैं तो होटल खुला रख सकते हैं। लेकिन उन्हें बैंक्विट हाल हर स्थिति में बंद करने होंगे। इसको लेकर ही जिला प्रशासन की ओर से जांच की जाएगी। प्रशासन ने इस काम के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। जो कि सारी स्थिति पर नजर रखेंगी। निमय तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई के अलावा पुलिस केस तक दर्ज करवाए जाएंगे। डीसी ने कहा है कि सामाजिक और धार्मिक कार्यों में 20 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी। लोगों से सहयोग की अपील की है।
22 मार्च को मोहाली में दुकानें रहेंगी बंद
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को व्यापार मंडल की एक आपात मीटिंग हुई। इसमें तय किया गया है कि 22 मार्च को सारे दुकानदार अपनी दुकाने बंद रखेंगे और घर पर ही रहेंगे। देश के प्रधानमंत्री की और से कोरोना वायरस के खिलाफ जंग के लिए जो अपील की गई है, उसमें सहयोग दिया जाएगा। हालांकि मीटिंग में तय किया गया है कि जरूरी सेवाओं वाली दुकानेें इस दौरान भी खुली रहेंगी। जिसमें राशन की दुुकान, मेडिकल स्टोर शामिल हैं। मीटिंग की अगुवाई करते हुए प्रधान विनीत वर्मा ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए जो सुझाव दिए जा रहे हैं, उनका लोगों को पालन करना होगा।