मोहाली। धनतेरस के लिए वीरवार को वीआईपी सिटी के बाजार गुलजार रहे और इस बार दुकानों पर चीन के नहीं बल्कि स्वदेशी सामान ही बेचे जा रहे हैं। इस त्योहार के लिए देर रात तक दुकानों पर ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचे। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने तरह-तरह के ऑफर शुरू किए हुए हैं। लक्ष्मी पूजन की तैयारियों से जुड़ी सामग्री से लेकर बर्तन, आभूषण, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, मिठाई-ड्राइफ्रूट, फर्नीचर, सौंदर्य प्रसाधन और तमाम तरह के सजावटी सामानों की खरीदारी शुरू हो गई। बाजार में चीन के सामान की जगह स्वदेशी सामान की भरमार है।
ग्राहकों के इंतजार में लंबे समय से मायूस बैठे दुकानदारों और व्यापारियों के चेहरे पर रौनक दिखने लगी है। भले ही कारोबार पिछले सालों के मुकाबले कम ही नजर आ रहा है। फिर भी इस साल की बात करें तो दिवाली उम्मीदों भरी है। व्यापारियों ने ग्राहकों के स्वागत में अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। फूलों की खुशबू और रंग-बिरंगी झालरों की चमक मन में उत्साह भर रही है। पांच दिवसीय दीपोत्सव भी वीरवार से शुरू हो गया है। वीआईपी सिटी के फेज-3बी2, फेज-5 और फेज-7 सहित सभी प्रमुख बाजारों में सजावट, खील-बताशे, खिलौने और मूर्तियों की अस्थाई दुकानें सज गई हैं। लोगों की भीड़ भी सबसे ज्यादा इन्हीं दुकानों पर देखने को मिल रही है। इसके अलावा बर्तन, आभूषण और तमाम तरह के सजावटी सामानों की खरीदारी की जा रही है। धनतेरस के लिए बर्तनों की दुकानें हों, ज्वेलर्स हों, इलेक्ट्रॉनिक्स या फिर आटोमोबाइल शोरूम सभी ने धनतेरस पर धनवर्षा के लिए अतिरिक्त सामान का स्टाक कर रखा है। कोरोना काल और महंगाई की मार के बावजूद दुकानदारों, व्यापारियों और ग्राहकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
शहर के बाजार गुलजार रहे और लोगों ने खरीदारी की। सजावट के लिए कौड़ी, मोती, सलीन के कपड़े और फूलों की बंधनवार पसंद की गईं। सजावट का सामान 300 रुपये से दो हजार रुपये तक के झूमर में घंटी, हाथी, मोती, सुतली से बनीं चिड़िया, शंख, सीप, शीशा, घंटी, डमरू, ऊन आदि से बनी हुई हैं। गत्ते की शुभ-दीपावली आकर्षक डिजाइन में हैं। सलीन के लक्ष्मी-गणेश के अलावा प्लास्टिक की रंगोली है। स्वास्तिक, ओम, शुभ-लाभ लक्ष्मी जी के पैर वाले स्टीकर हैं। लक्ष्मी, गणेश, भगवान कुबेर, लक्ष्मी यंत्र, कुबेर यंत्र खरीद रहे हैं और प्लास्टिक फूलों के बंच, झालर, बंच, गमले पसंद किए जा रहे हैं।
--------------
रियल एस्टेट सेक्टर में दिवाली पर बूम
पंजाब में जहां रियल एस्टेट कारोबार मंदी का शिकार है, वहीं ट्राइसिटी में उछाल देखने को मिल रहा है। कोरोना काल से राहत देने के लिए होम लोन की ब्याज दरों में सरकार की ओर से की गई कटौती ने दिवाली पर लोगों को अपने घर का सपना साकार करने में मदद की है। पूरा साल मंदी का शिकार रहने के बाद पिछले 45 दिनों में रियल एस्टेट सेक्टर ने अच्छा कारोबार किया है। रियल एस्टेट बाजार के विशेषज्ञ विकास धवन बताते हैं कि ट्राइसिटी के नए प्रोजेक्ट्स में पिछले 45 दिनों के दौरान औसतन 60 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां रोजाना हो रही हैं। मध्य वर्गीय परिवारों के बजट वैल्यू प्रोजेक्ट की डिमांड ज्यादा रही है। अच्छी डिमांड आने से बिल्डर किफायती कीमत पर सौदेबाजी नहीं कर रहे हैं। लेकिन होम लोन के लिए ब्याज दरों में की गई कमी लोगों को फ्लैट खरीदने के लिए आकर्षित कर रही है। दिवाली पर 18 से 20 करोड़ तक के कारोबार की उम्मीद रियल एस्टेट सेक्टर को है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले यह बहुत कम है, फिर भी साल के अंत में इस कारोबार से उम्मीद जगी है।