मोहाली। ट्राइसिटी समेत उत्तरी भारत के युवाओं को अब रोजगार के लिए गुड़गांव या नोएडा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि राजपुरा में ही अब युवाओं के सपने सच होंगे। जी हां... यह संभव होगा राजपुरा में स्थापित होने वाले इंडस्ट्रियल पार्क से। इतना ही नहीं इस संबंधी शुक्रवार को पंजाब सरकार की ओर से पास किए गए बजट में भी इस संबंधी ऐलान किया गया है। हालांकि पंजाब सरकार इंडस्ट्रियल पार्क बनाने की दिशा में काम कर चुका है। इतना ही नहीं प्रोजेक्ट में कई कंपनियां भी अपनी दिलचस्पी दिखा चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक राजपुुरा में स्थापित होने वाले इंडस्ट्रियल पार्क की लोकेशन काफी अहम है। एक तरफ यह जहां चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के पास के एरिया में है। वहीं, दूसरी तरफ पंजाब हरियणा और हिमाचल के युवाओं को भी इससे फायदा होगा। इसके अलावा राजपुरा के बिल्कुल पास से एक हाईवे गुजर रहा है। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत नहीं आएगी। कई हाउसिंग प्रोजेक्ट भी उक्त एरिया में स्थापित हो रहे हैं। जिससे युवाओं को वहां काफी फायदा होगा। इसके अलावा मोहाली में एयरपोर्ट के साथ ही आईटी सिटी बस रही है। जो कि इस साल दिसंबर तक शुरू होने वाली है। उम्मीद है कि आने वाले समय में 20 हजार से अधिक युवाओं को आईटी सिटी में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मास्टर प्लान के तहत हो रहा निर्माण
राजपुरा तक का एरिया गमाडा के अधीन आता है। ऐसे में गमाडा सारे एरिया का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। 30 साल को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है। राजपुरा की लोकेशन काफी अहम है। यहां से चंडीगढ़ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और मोहाली पास पड़ता है। ऐसे में उम्मीद है कि कंपनियां यहां निवेश करने में रुचि दिखाएंगी । इसके अलावा राजपुरा रोड पर बायोटेक्नोलॉजी पार्क बनाने की योजना पहले से ही प्रस्तावित है।
स्वराज ट्रैक्टर समेत कई कपनियां आई
देश की अग्रणी ट्रैक्टर कंपनी स्वराज समेत कई नामी कंपनियां राजपुरा के साथ लगते एरिया में निवेश कर चुकी हैं। इसके अलावा कई अन्य कंपनियां भी वहां पर दस्तक देने की तैयारी में है। अगर राजपुरा इंडस्ट्रियल पार्क शुरू हो गया तो मोहाली और चंडीगढ़ में स्थित आईटी पार्कों में लोगों की निर्भरता कम होगी।