मोहाली। पंजाब के एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान के बयान को गंभीरता से लेते हुए पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और मोहाली से कांग्रेसी उम्मीदवार बलबीर सिद्धू ने भगवंत मान को कुछ कहने से पहले तथ्यों की जांच करने की सलाह दी।
पंजाब चुनाव में ‘आप’ और इसकी लीडरशिप के तथ्यहीन प्रचारों को आड़े हाथों लेते हुए बलबीर सिंह सिद्धू ने रविवार को यहां कहा कि कांग्रेस के खिलाफ बेबुनियाद दुष्प्रचार करने की ‘आप’ की रणनीति आगामी चुनाव में पूरी तरह से धूल फांकेगी। सिद्धू ने कहा कि पिछले चुनाव के दौरान भी ‘आप’ को बेबुनियाद चुनावी प्रचार और पंजाब में 100 सीटें हासिल करने का दावा करते हुए हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में भी ‘आप’ को अपने खोखले वादों और दावों के कारण पिछले चुनाव से भी कड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। वहीं, केंद्र की ओर से 2019-20 के लिए जारी नेशनल परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स, स्कूल एजुकेशन रैंकिंग के परिणामों का जिक्र करते हुए सिद्धू ने मान को याद कराते हुए कहा कि पंजाब इस ग्रेडिंग इंडेक्स में देश में सबसे ऊपर आया था। 2018-19 में 13वें स्थान से आगे बढ़ते हुए राज्य ने 1,000 में से 929 के स्कोर के साथ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नंबर एक स्थान हासिल किया था।