जीरकपुर। लोहगढ़ रोड पर अवैध कब्जों ने ट्रैफिक व्यवस्था की कमर तोड़ दी है। पटियाला रोड से सिग्मा सिटी चौक तक पूरे रास्ते में शोरूम मालिकों और दुकानदारों ने सड़क तक कब्जा जमा लिया है। जगह-जगह पक्के निर्माण किए जाने से सड़क की चौड़ाई आधी रह गई है। नतीजा यह कि दिनभर ट्रैफिक जाम लगा रहता है और आए दिन वाहन चालकों में झगड़े की नौबत आ जाती है।
स्थानीय निवासियों कमलदीप सिंह, सुरेश कुमार, इंद्रजीत सिंह और प्रमोद का कहना है कि नगर परिषद की लापरवाही से शहर की लगभग हर सड़क पर कब्जे जमे हुए हैं। अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति की कार्रवाई करते हैं। मौके पर दो बार जाने के बाद निर्माणकर्ता आराम से काम पूरा कर लेते हैं।
लोहगढ़ रोड पर तो हाल और भी खराब है। कई शोरूम मालिकों ने 8 से 10 फीट तक सड़क पर कब्जा कर लिया है और रैंप एवं सीढि़यां बना ली हैं। कुछ ने बरामदों को दुकान में शामिल कर बाहर शटर लगा दिए हैं। इससे न केवल बिल्डिंग बाय लॉज का उल्लंघन हुआ है बल्कि पार्किंग की जगह भी खत्म हो गई है। अब ग्राहक गाड़ियां सड़क के बीचोबीच खड़ी करते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित होता है।
ग्रीन एनक्लेव मोड़ से गोल्ड माइन एनक्लेव सोसाइटी तक करीब 20 शोरूमों ने पार्किंग क्षेत्र कब्जा लिया है। कुछ जगहों पर सीढि़यां बनने से बरसाती पानी की निकासी बाधित हो गई है, जिससे सड़क पर जलभराव और नुकसान बढ़ रहा है।
नगर परिषद के इंफोर्समेंट विंग इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि अगले हफ्ते इस रोड पर निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।