मोहाली। पंजाब में किसी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में लिवर ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई है। यह सर्जरी फेज-3बी1 स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (पीआईएलबीएस) में की गई। अब तक प्रदेश के मरीजों को इस जटिल और महंगी सर्जरी के लिए दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों के निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लिवर ट्रांसप्लांट जैसी तृतीय स्तर की चिकित्सा सुविधा सरकारी क्षेत्र में उपलब्ध न होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक और मानसिक दबाव बना रहता था। इलाज के लिए बाहर जाने में लाखों रुपये का खर्च, लंबा इंतजार और परिवार से दूर रहना आम समस्या रही है, जिसके चलते कई मरीज समय पर इलाज नहीं करा पाते थे। संवाद