फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: मेट्रो मॉल फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट अब तक बंद, गंदगी और बदबू से परेशान राहगीर

विज्ञापन
विज्ञापन
जीरकपुर। शहर में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के उद्देश्य से बनाए गए फुटओवर ब्रिज अब उपेक्षा का शिकार होते नजर आ रहे हैं। मेट्रो मॉल के सामने स्थित फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट लगाए जाने के बावजूद उसे अब तक चालू नहीं किया जा सका है। वहीं ब्रिज पर फैली गंदगी, बदबू और अवैध पोस्टरों के कारण लोगों को इसका उपयोग करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वर्षों की मांग और संघर्ष के बाद शहर में दो फुटओवर ब्रिज बनाए गए थे। इनमें एक मेट्रो मॉल के सामने और दूसरा मैकडी चौक के पास स्थित है। हालांकि मेट्रो मॉल स्थित ब्रिज का उपयोग लोग कर रहे हैं, लेकिन नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ब्रिज पर कई स्थानों पर गंदगी जमा होने से बदबू फैल रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्रिज पर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई गई है, लेकिन निर्माण के काफी समय बाद भी इसे शुरू नहीं किया जा सका है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट को अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिला है। इसके चलते कई लोग फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय जान जोखिम में डालकर सीधे सड़क पार कर रहे हैं।
विज्ञापन

स्थानीय निवासियों का कहना है कि ब्रिज के नीचे सड़क पार करने वालों को रोकने के लिए बीच सड़क पर ग्रिल भी नहीं लगाई गई है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से लिफ्ट को जल्द चालू करने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और अवैध पोस्टर हटाने की मांग की है।

2018 में उठी थी मांग, 2023 में बना फुटओवर ब्रिज
वीआईपी रोड क्षेत्र के निवासियों ने वर्ष 2018 में पहली बार मेट्रो मॉल के सामने फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग उठाई थी। लगातार प्रयासों और मीडिया में मुद्दा उठने के बाद वर्ष 2023 में प्रशासन ने शहर में दो फुटओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया। हालांकि लोगों ने एस्केलेटर युक्त आधुनिक फुटओवर ब्रिज की मांग की थी, लेकिन सामान्य ब्रिज का निर्माण किया गया। सुविधा के लिए लिफ्ट तो लगाई गई, लेकिन वह आज तक शुरू नहीं हो सकी।

हम किसी एडवरटाइजिंग कंपनी की तलाश में हैं, जो लिफ्टों का रखरखाव करने के साथ-साथ वहां एक कर्मचारी भी तैनात करे, ताकि लिफ्टों की सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जा सके। हमारी पूरी कोशिश है कि इन लिफ्टों को जल्द से जल्द चालू करवाया जाए।— ऋषभ गोयल, अधिकारी, एनएचएआई
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें