मोहाली। शहर में वीरवार को हुई बारिश से अनेक जगहों पर जलभराव हो गया। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश से शहर की सड़कों और मोहल्लों में पानी भर गया। जलभराव की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुंभड़ा चौक से लेकर बलौंगी रोड तक बारिश का पानी भर गया। कुंभड़ा चौक से फेज-11 की तरफ जाने वाली सड़क पहले से ही जगह-जगह से टूटी है। कई घंटे की बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। करीब 3 बजे फेज-2 की मार्केट के पीछे तेज हवा और बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर बिजली की तारों पर गिर गया। पेड़ गिरने के बाद इलाके की बिजली सप्लाई तुरंत बंद हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पांच घंटे तक कोई टीम मौके पर पेड़ हटाने नहीं पहुंची। फेज-9 में बुधवार रात से ही बिजली गुल रही। वीरवार दोपहर तक सप्लाई बहाल नहीं हुई। इस प्रकार करीब 12 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही। स्थानीय निवासी निखिल श्रीवास्तव ने कहा कि 12 घंटे से बिजली गुल रही। बार-बार कॉल करने के बावजूद शिकायत केंद्र से कोई उत्तर नहीं मिला। फेज-9 के कई घर जैसे 644, 645, 646, 647 इससे प्रभावित रहे। एरोसिटी के पास गांवों को जाने की शुरुआत गांव बड़ी से होती है। इसके आगे गांव मंटरां, सियाउ, पत्तों, आदि आते हैं। इन तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता बारिश में पूरी तरह बदहाल हो गया है। गांव बड़ी के प्रवेश द्वार पर ही महज 150 मीटर के हिस्से में 50-60 छोटे-बड़े गड्ढे हैं, जो पानी से लबालब भर गए।