मोहाली। सेक्टर-68 में लोगों की सुविधा के लिए डाली जा रही गैस पाइप लाइन का काम ही यहां के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जहां पाइप लाइन डाल दी गई है, वहां पेवर ब्लॉक दोबारा नहीं लगाए गए, तो वहीं खुदाई के बाद छोड़ दिए गए गड्ढे हादसों को न्यौता दे रहे हैं।
जी हां, सेक्टर-68 में जनसुविधाओं के मद्देनजर गैस पाइप लाइन डालने का काम कोरोना लॉकडाउन से पहले शुरू हो गया था। अब यहां के लोगों ने ठेकेदार के काम पर उंगली उठाते हुए हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया है। ठेकेदार ने पाइप लाइन डालने के बाद दोबारा पेवर ब्लॉक नहीं लगाए हैं। इसके साथ ही खुदाई के बाद छोड़े गए गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। सेक्टर-68 निवासी समाजसेवी पवनजीत कौर ने बताया कि ठेकेदार ने काम के दौरान लापरवाही बरती है। इस कारण सेक्टर-68 के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पवनजीत कौर और अन्य निवासियों ने बताया कि कोरोना लॉकडाउन से पहले ठेकेदार ने सिटी पार्क के पास गैस पाइप लाइन डालने के लिए पेवर ब्लॉक उखाड़ कर खुदाई की थी। यहां पाइप लाइन डाली जा चुकी है। इसके बावजूद उखाड़े गए पेवर ब्लॉक दोबारा नहीं लगाए गए। लोगों का कहना है कि ठेकेदार अनियमित रूप से यहां-वहां खुदाई कर रहा है। जबकि जिन जगहों पर पाइप लाइन डाली जा चुकी है, उसकी मरम्मत नहीं की जा रही। इससे स्थानीय लोगों सहित वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। पाइप लाइन डालने के लिए जो गड्ढे खोदे जा रहे हैं, उन्हें लंबे समय तक खुला छोड़ दिया जाता है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने इस मामले की शिकायत की तो जेई ने मौके का मुआयना किया। जिसके बाद जेई ने ठेकेदार को पहले की गई खुदाई का काम पूरा करने के बाद आगे खुदाई करने के लिए कहा है।