मोहाली। एक ओर जहां सेहत विभाग कोविड-19 से जूझ रहा है। वहीं, अब मोहाली शहर में डेंगू फैलने का खतरा भी बन गया है। क्योंकि कई इलाकों में डेंगू का लारवा मिला है। सोमवार को सेहत विभाग की टीम ने लारवा चेक करने के लिए फेज-2 में घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान 26 घरों में लारवा मिला। इससे अब सेहत विभाग की चिंता और भी बढ़ गई है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह, जिला एपीडीमोलोजिस्ट अफसर डॉ. रेनू सिंह और डॉ. हरमनदीप कौर का नेतृत्व में मुहिम चलाई गई है। घरों के 37 कंटेनरों में लारवा मिलने पर विभाग की टीम ने दवा डाल कर उन्हें खाली करवाया। साथ ही विभाग की टीम ने लोगों को इस संबंधी जागरूक करते हुए बताया कि मच्छरों के काटने से बचने के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए।