जीरकपुर। जीरकपुर के बलटाना क्षेत्र के एक होटल में सोमवार को एक 32 वर्षीय युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बलटाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर होटल के एक मुलाजिम को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को पंचकूला रोड पर स्थित होटल ए टू जेड में 32 वर्षीय राहुल शर्मा निवासी रेगालिया टावर वसंत विहार फेस 2 ढकोली ने अपने साथी प्रदीप के साथ होटल में कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि होटल में इन्होंने 2 रूम बुक करवाए थे और इनके साथ लड़कियां भी थीं। रूम लेने के बाद राहुल कमरे में ही रुक गया। जबकि प्रदीप व उसके साथ कि एक महिला शराब लेने वहां से चले गए थे। जब प्रदीप होटल वापस पहुंचा तो राहुल होटल की तीसरी मंजिल से नीचे गिरा पड़ा था। जिसे प्रदीप और होटल का मालिक विजय ने पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल पहुंचाया, जहां राहुल को अस्पताल के डॉक्टरों ने मृतक बताया। जबकि मृतक के पिता मुकेश का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या की गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।