जीरकपुर। शहर में एक ही सरकारी अस्पताल है और इसमें फिलहाल बहुत कम सुविधाएं हैं। लेकिन धीरे-धीरे अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके मद्देनजर ढकोली के सीएचसी में 300 एमए की बड़ी मशीन लगाई गई है। जिससे स्थानीय लोगों को काफी फायदा होगा। इससे पहले अस्पताल में 100 एमए की मशीन लगी हुई थी, जिसमें चेस्ट और स्पाइन के एक्सरे नहीं होते थे और हेड या बाकी एक्सरे क्लियर नहीं आते थे। लेकिन अब जो मशीन लगी है उससे एक तो काम करने की रफ्तार बढ़ जाएगी और चेस्ट, स्पाइन, नेजल आदि के एक्सरे भी अस्पताल में ही किए जा सकेंगे। इसके अलावा जो एक्सरे क्लियर नहीं आते थे, वह अब पहले से ज्यादा क्लियर दिखाई देंगे। इसके साथ ही डाक्टरों को भी बीमारी पकड़ने में फायदा होगा और मरीजों की बीमारी का इलाज सही ढंग से किया जा सकेगा।
चुनावों में किया था अपग्रेड करने का एलान, अभी तक काम नहीं हुआ
शहर में नगर काउंसिल के चुनावों में लोगों को लुभाने के लिए पूर्व सेहत मंत्री बलबीर सिद्धू ने सीएचसी ढकोली को सिविल अस्पताल बनाने का एलान किया था। इसके लिए उन्होंने अस्पताल में स्टाफ और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के आदेश दिए थे। लेकिन फरवरी से अब तक 10 महीने बीत चुके हैं और अभी तक कोई डेवलपमेंट नहीं हुआ है। वहीं शहर की आबादी करीब साढ़े 4 लाख हो गई है। तो यहां सिविल अस्पताल के साथ कम से कम दो-तीन सीएचसी की भी जरूरत है।
अब क्लियर आएंगे एक्सरे
पहले 100 एमए की एक्सरे मशीन लगी थी और अब 300 एमए की नई मशीन लगी है, तो इससे काफी फायदा होगा। नई मशीन से अब चेस्ट और स्पाइन के एक्सरे भी अस्पताल में ही किए जा सकेंगे और क्लियर भी आएंगे। सर्दियों में सुबह 9 से 3 बजे तक और गर्मियों में सुबह 8 से 2 बजे तक एक्सरे किए जाएंगे। -अर्चना ढाका, एक्सरे ऑपरेटर, सीएचसी ढकोली।