जीरकपुर। शहर की दशमेश कॉलोनी में जमीनी विवाद को लेकर हुई खूनी झड़प में एक परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। चचेरे भाइयों ने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर अपने ताऊ के परिवार के चार लोगों पर हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायल जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में भर्ती हैं। पुलिस ने घायलों की शिकायत पर आरोपी एक परिवार के 6 सदस्यों समेत 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बलविंदर सिंह पुत्र रघबीर सिंह निवासी दशमेश कॉलोनी जीरकपुर ने बताया कि उनके चाचा लाभ सिंह के परिवार के साथ तीन कनाल जमीन का विवाद चल रहा है। जो कि उनके पड़ोस में ही रहते हैं। सरकारी विभाग के अधिकारियों ने पिछले साल जमीन की पैमाइश की थी। इसमें हमलावर लाभ सिंह के कब्जे में ज्यादा जमीन निकली थी और वह अपने हिस्से की जमीन बेच भी चुका था। अब उनका चाचा जबरन उनके हिस्से वाली जमीन पर कब्जा करना चाहता था। हालांकि इस जमीन का केस डेराबस्सी की अदालत में चल रहा है। इस जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उनके परिवार को डराकर दबाव बनाने की नीयत से शनिवार को लाभ सिंह ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। उसके साथ हमलावरों में भूपिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, भूपिंदर सिंह की पत्नी और जसविंदर सिंह की पत्नी और उनके साथ 20 लोग और 10 महिलाएं शामिल थीं।
शिकायतकर्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि जिस दौरान उनकी बजुर्ग माता घर के बरामदे में बैठी थी। इसी दौरान हमलावर हथियारों समेत घर में घुस आए और माता पर हमला कर दिया। शोर सुनकर वह और उसका भाई हरिंदर सिंह और हरनेक सिंह बाहर निकले तो उन पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। साथ ही हमलावरों ने तीन मोटरसाइकिल और घर का पूरा सामान तोड़ दिया। जब आसपास के लोग जमा होने लगे तो हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने उन्हें चंडीगढ़ अस्पताल में पहुंचाया।
थाना जीरकपुर के जांच अधिकारी एसआई ने बताया कि घायलों की शिकायत हमलावर लाभ सिंह के परिवार की दो महिलाओं सहित 6 लोगों और उनके साथ आए 30 अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अभी नामजद हमलावर फरार चल रहे हैं, जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।