लालडू। गांव लालड़ू के एक 22 वर्षीय युवक को अवैध रूप से अमेरिका में घुसने पर डिपोर्ट कर दिया गया है। वह अमेरिका से आए तीसरे विमान से सोमवार को घर पहुंच गया है। गौरतलब हो कि निहाल राणा पुत्र परमवीर सिंह करीब छह माह पहले डंकी रूट से विभिन्न मुल्कों में भटकते अमेरिका घुसा था। अमेरिका की इमिग्रेशन पुलिस ने उसको धर लिया। डंकी रूट से अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचने में लालड़ू के चार मामले सामने आ चुके हैं। इसमें पहला केस गांव जड़ोत के प्रदीप का (41 लाख), दूसरा व तीसरा केस गांव जौला खुर्द से दंपती गुरप्रीत सिंह व अमनप्रीत (80 लाख) और चौथा मामला गांव लालड़ू के निहाल (42 लाख) का है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद के वार्ड नंबर-14 के तहत लालड़ू की बड़ी धर्मशाला के नजदीक रहने वाले परिवार का इकलौता बेटा है। निहाल 12वीं पास है। पिता के पास बेहद कम खेती योग्य जमीन है। उसकी बड़ी बहन विवाहित है। फिलहाल, वे ड्राइवरी करते हैं। परिवार के करीबियों ने बताया कि निहाल को अच्छी संगत में पहुंचाने के उद्देश्य से परिवार ने 42 लाख रुपये खर्च कर उसे करीब छह माह पहले यूएसए भेजा था। कुछ दिन पहले ही वह यूएसए पहुंचा था लेकिन पकड़ा गया।