मोहाली। फेज-11 निवासी एक व्यक्ति पर 2.60 लाख रुपये लेने के बाद पीड़ित को विदेश नहीं भेजने पर आरोप लगा है। पीड़ित ने जब रुपये वापस मांगे तो कार्यालय में बंद कर उसकी पिटाई की गई। फेज-11 के एसएचओ पेरीविंकल ग्रेवाल ने बताया कि सेक्टर-6 बहादुरगढ़ निवासी अनिल सचदेवा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने सोशल मीडिया पर इमिग्रेशन कंपनी फ्यूचर स्क्वायर इमिग्रेशन का विज्ञापन देखा था। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी रीत को विदेश भेजना चाहता था। उसके लिए उसने उक्त कार्यालय से संपर्क किया, जहां उसकी मुलाकात हिमांशु और ममता से हुई। उन्होंने खुद को उक्त इमिग्रेशन कंपनी का मालिक बताया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने उसकी पत्नी और उसे विदेश भेजने के लिए 12 लाख रुपये की मांग की। इस पर उसने 12 मार्च 2024 को 20 हजार रुपये का पहला भुगतान किया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर उसने 60 हजार रुपये ऑनलाइन और दो लाख रुपये नकद भुगतान किया। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार 3 जून को जब वह अपने रुपये मांगने उक्त कार्यालय गया, तो हिमांशु और ममता ने अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई की। जब उसने बचकर भागने की कोशिश की, तो सभी ने उसे घेर लिया। उसने बमुश्किल अपनी जान बचाई और फिर उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।