पटियाला, लुधियाना और फाजिल्का के खिलाड़ियों ने बनाया अच्छा स्कोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। खेडां वतन पंजाब दीयां की चार दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में फाजिल्का के अंडर- 21 के नेशनल लेवल खिलाड़ी करन खुराना ने 625.7 का स्कोर बनाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके साथ ही लुधियाना के अंडर-17 के सुखमन ने 372 और पटियाला के अंडर- 21 के लवप्रीत ने 381 का स्कोर बनाया।
पंजाब खेल विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे खेडां वतन पंजाब दीयां की शूटिंग प्रतियोगिता फेज- 6 की शूटिंग रेंज में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में पंजाब के सभी जिलों से बच्चे भाग ले रहे हैं। खेल विभाग के जिला खेल अधिकारी रुपेश कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता की शुरुआत 13 नवंबर से हो गई है। यह प्रतियोगिता 17 नवंबर तक चलेगी। इसमें अंडर - 14, 17, 21, 21 से 30, 31 से 40, 41 से 50, 51 से 60, 61 से 70 और 71 वर्ष के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए निशानेबाजी की दूरी 10, 25 और 50 मीटर रखी गई है।
शूटिंग प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों से 950 से एक हजार तक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, प्रतियोगिता के दूसरे दिन वीरवार को करीब 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को एनआर पिस्टल, राइफल एनआर, आईएसएसएफ रेंज 25 मीटर, स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्स पिस्टल, सेंटर फायर पिस्टल और 50 मीटर रेंज पर फ्री पिस्टल और 3 पोजीशन के मुकाबले कराए जा रहे हैं।