मोहाली। चंडीगढ़ से सटे सेक्टर-48सी में बुधवार की रात चोरों ने श्री सनातन धर्म मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर से माता की मूर्ति के आभूषण में चांदी का छत्र, सोने की नत्थ, दान पेटी में रखी पूरी नकदी अपने साथ ले गए हैं। चोर इतने शातिर थे कि जाते समय मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और 40 इंच की डिस्पले स्क्रीन भी साथ ले गए।
मंदिर कमेटी ने इस चोरी की शिकायत थाना फेज-11 पुलिस को दी है। पुुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की और चोरों की पहचान के लिए मंदिर के आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्दी ही यह केस हल कर लिया जाएगा।
इस चोरी के बारे में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सीता राम अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बुधवार देर शाम मंदिर को हर रोज की तरह बंद कर दिया गया था। वीरवार सुबह 5 बजे जब पुजारी मंदिर में गए तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा था, जब अंदर जाकर देखा तो दीवान पर सीढ़ी रखी हुई थी। डीवीआर और मानिटर स्क्रीन तक गायब थी। इसके बाद जब अंदर गए तो देखा कि मंदिर की दान पेट्टी भी खुली पड़ी थी और उसमें से नकदी गायब थी। उन्होंने देखा कि चोर माता की मूर्तियों से सोने की नत्थ और छत्र भी ले गए थे।
इसके बाद पुजारी की सूचना पर कमेटी मेंबर मौके पर पहुंचे और चोरी की सूचना पुलिस को दी। मंदिर के चीफ पैटर्न अजय कौशिक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
पहले भी हो चुकी मंदिर में चोरी
शहर में मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। कुछ समय पहले फेज-5 और 11 के मंदिर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। एक जगह चोर कैमरे में कैद हो गए थे, लेकिन पुलिस के हाथ नहीं लगे। पूर्व पार्षद अरुण शर्मा ने कहा कि पुलिस को रात के समय गश्त बढ़ानी चाहिए, जिससे चोरी की वारदात रोकी जा सके।