कुराली। मोरिंडा रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास बुधवार रात बाइक सवार दो स्नैचर्स पैदल जा रहे युवक का कीमती मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंधी पीड़ित मुकेश निवासी वार्ड नंबर-5 ने बताया कि बुधवार रात वो सिंघपुरा रोड पर स्थित स्टेडियम में सैर करने के बाद मोरिंडा रोड से होते हुए पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान करीब 9 बजे घर से फोन आया तो वो बात करने लगा। तभी अचानक पीछे से सीटी-100 बाइक सवार दो युवक उसके पास आए और हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। उसने बाइक का नंबर नोट करना चाहा पर नंबर प्लेट मिटी हुई थी। मुकेश ने बताया कि उसने करीब दो महीने पहले ही 17500 रुपये का मोबाइल खरीदा था। इसके बाद वह अपने दोस्तों अमनदीप सिंह रॉकी (वाइस प्रधान यूथ विंग आप) और खुशबीर सिंह को साथ लेकर थाना सिटी में गया और वहां स्नैचिंग की शिकायत दर्ज करवाई।