मोहाली। पंजाब से चंडीगढ़ पहुंचना दिन प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है। चार मुख्य रास्ते चंडीगढ़ को पंजाब से जोड़ते हैं। इन सभी पर बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था और जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे ही हालात लांडरां में हैं, जहां रोजाना सुबह-शाम लंबे जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। इस संकरी रोड की खस्ता हालत स्थिति को और भी खराब बना देती है। लोगों को लंबे समय से इस रोड के चौड़े होने का इंतजार है, लेकिन सरकारें घोषणाओं से आगे नहीं बढ़ पा रहीं।
लांडरां में रोजाना कई-कई किमी लंबा जाम लग रहा है। सरहिंद की तरफ से आने वाली सिंगल रोड लांडरां में जैड शेप मोड़ पर जाम का बड़ा कारण है। सरहिंद की तरफ से आने वाली रोड खरड़-बनूड़ रोड पर मिलती है और फिर कुछ मीटर आगे मोहाली की तरफ मुड़ना होता है। ये जैड शेप मोड़ दोनों ओर लंबे जाम लगने का कारण है। जब एक तरफ का ट्रैफिक चलता है तो दूसरी साइड वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। विधानसभा चुनाव से पहले अकाली-भाजपा सरकार ने इस रोड को चौड़ा करने की घोषणा की थी। पिछले साल सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी इस रोड पर जाम से निजात दिलाने के लिए सोहाना-लांडरां रोड को चौड़ा करने के लिए 23 करोड़ की रकम जारी करने के लिए वित्त विभाग को आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक इस रोड पर काम शुरू नहीं हो सका है।