जीरकपुर। जीरकपुर के शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन में दी गई ढील से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। 24 घंटे व्यस्त रहने वाले पटियाला रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रिकल शोरूम से चोर 5 लाख रुपये का समान चोरी करके ले गए।
जानकारी के अनुसार करन ट्रेडिंग कंपनी के मालिक करन प्रकाश निवासी मकान नंबर 38 शिवालिक एनक्लेव मनीमाजरा चंडीगढ़ ने बताया कि उनका पटियाला रोड पर इलेक्ट्रिकल का शोरूम है। 29 जुलाई की रात को वह अपने शोरूम को बंद करके गए थे। 30 जुलाई को प्रात:काल आकर देखा तो शोरूम के ताले टूटे हुए थे। चोर अपने साथ कोई वाहन लेकर आए थे जिसमें वह शोरूम से कीमती सामान चुराकर ले गए।
दुकान मालिक करन प्रकाश अनुसार चोरों ने एलईडी लाइटों और कीमती सामान को ही निशाना बनाया जबकि जिस सामान की कीमत कम थी उसे हाथ नहीं लगाया। चोर जाते हुए शोरूम में लगे सीसीटीवी के तारों को भी काटकर ले गए। करन प्रकाश ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये का सामान चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई जसविन्दर सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।