डेराबस्सी। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक की मरम्मत और रख-रखाव कार्य के चलते ईसापुर गांव जाने वाली लेवल क्रॉसिंग नंबर 115 को चार दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही हेतु पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सड़कों), रेलवे, चंडीगढ़ कार्यालय ने डेराबस्सी के एसडीएम को आवश्यक प्रबंध करने के लिए पत्र जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, दप्पर और घग्गर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित इस क्रॉसिंग पर भारी मशीनरी की मदद से काम किया जाएगा। यह बंदी 16 जुलाई को शाम 4 बजे से शुरू होकर 19 जुलाई की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में किसी भी वाहन को यहां से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। रेलवे ने एसडीएम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक डायवर्ट करने के लिए पुलिस प्रबंध करने की अपील की है, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।