चंडीगढ़। जीएसटी की फर्जी रजिस्ट्रेशन की जांच करने के लिए यूटी प्रशासन के आबकारी व कराधान विभाग 15 मई से 15 जुलाई तक विशेष जांच अभियान चला रहा है। अब तक अभियान तहत शारीरिक सत्यापन में चार डीलर अपने व्यापारिक परिसर में नहीं मिले। ऐसे में दो डीलरों का जीएसटी नंबर निलंबित कर जीएसटी एक्ट के तहत 37.99 लाख रुपये की आईटीसी को ब्लॉक कर दिया गया है ताकि डीलर इसका लाभ न उठा सकें।
वहीं, अन्य दो में से एक डीलर ने जीएसटी नंबर रद्द करने के लिए आवेदन दिया है जबकि दूसरे का जीएसटी नंबर रद्द करने के लिए विभाग ने नोटिस जारी किया है। इसके अलावा अब उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से सूचनाएं प्राप्त हो रहीं हैं, जिसमें चंडीगढ़ की फर्मों द्वारा उनके राज्यों के गैर-मौजूद आपूर्तिकर्ताओं से आईटीसी के प्राप्तकर्ताओं के विवरण की सूचना दी जा रही है।
चंडीगढ़ के करदाताओं द्वारा इन गैर-मौजूद आपूर्तिकर्ताओं से की गई खरीददारी से प्राप्त आईटीसी को ब्लॉक कर दिया जाएगा और कानून के अनुसार वसूल किया जाएगा। बता दें कि केंद्र सरकार के निर्देशों पर ही विभाग ने ये जांच करने का फैसला लिया था, क्योंकि केंद्र ने टैक्सेशन विभागों को सभी राज्यों में ये कार्रवाई करने के लिए बोला था।