भारत में आकर लोगों के साथ ठगी करने वाले सात नायजिरियनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 79 स्मार्टफोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक, 99 विदेशी व भारतीय सिम कार्ड, 31 फर्जी बैंक खातों के रिकार्ड बरामद किए।
मोहाली साइबर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर सात नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी की एक शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की। सेल ने उत्तर-प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के एक घर पर छापा मारकर कॉल सेंटर चलाने वाले नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा।
विज्ञापन
जांच में पुलिस को इनसे 79 स्मार्टफोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक, 99 विदेशी व भारतीय सिम कार्ड, 31 फर्जी बैंक खातों के रिकार्ड बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस गिरोह ने भारत के विभिन्न हिस्सों में 350 से अधिक लोगों को ठगा है। इन लोगों से करीब 15 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है।
इस मामले में शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि डीएसपी रूपिंदरदीप कौर सोही के नेतृत्व में चलाए जांच अभियान के दौरान साइबर पुलिस ने हाईटेक डिवाइस का उपयोग कर ठगों की पहचान की। एक सुनियोजित रणनीति के साथ इनको गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी यूपी के गौतम बुद्ध नगर स्थित एक किराये के मकान में सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय और विदेशी नागरिकों से दोस्ती कर ठगी का कॉल सेंटर चला रहे थे। पुलिस ने छापा मारकर कॉल सेंटर को बंद करा दिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
विदेशी उपहारों का लालच देकर करते थे धोखाधड़ी
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि विदेशी नागरिक फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भारतीय प्रवासियों से दोस्ती कर उन्हें विदेशी उपहारों का लालच देते थे। उपहार पहुंचाने के नाम पर सीमा शुल्क या कर के रूप में धन की मांग करते थे। ये लोग ज्यादातर विवाहित पुरुषों और महिलाओं से दोस्ती करते थे। बाद में उनके पतियों और पत्नियों को इस बारे में बताने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे।