मोहाली। उपायुक्त कोमल मित्तल ने रविवार को नगर परिषदों और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को तुरंत राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि डेराबस्सी में घग्गर नदी पर बने मुबारकपुर कॉजवे जीरकपुर को जोड़ने वाला एक प्रमुख संपर्क मार्ग है।
वहां पर सफाई का काम जोरों पर चल रहा है। सफाई के साथ-साथ, स्थानीय नगर परिषद की टीमें सुचारू संपर्क सुनिश्चित करने के लिए कॉजवे की पहुंच सड़कों की मरम्मत में सक्रिय रूप से लगी हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही भगत माजरा और पलहेरी के बीच पानी निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में पानी निकालने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक मशीनरी और मानव संसाधन तैनात किए हैं।
उपायुक्त ने सड़क संपर्क को समय पर बहाल करने पर भी जोर दिया। वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और जनता की असुविधा को कम करने के लिए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को सरकारी स्कूल को जल्द से जल्द खाली करने का निर्देश दिया ताकि मंगलवार से सामान्य शैक्षणिक गतिविधियां फिर से शुरू हो सकें। इसके अलावा फसलों, पशुओं और घरों को हुए नुकसान का आकलन शुरू हो चुका है। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन बाढ़ के बाद की चुनौतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।