जीरकपुर। दसमेश खालसा कॉलेज में फैशन डिजाइनिंग के रोजगार के अवसरों पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। एनआईआईएफटी, एसएएस नगर की पूर्व प्रिंसिपल पूनम अग्रवाल ठाकुर ने विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने फैशन उद्योग में कॅरिअर की संभावनाओं और आवश्यक कौशलों पर प्रकाश डाला। पूनम अग्रवाल ठाकुर ने कहा कि फैशन उद्योग में सफलता के लिए रचनात्मकता और तकनीकी ज्ञान जरूरी है। उद्योग की समझ और पेशेवर कौशल भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए उभरते रुझानों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक कौशलों से अवगत कराया गया। व्यावहारिक कौशल विकसित करने और शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के आईक्यूएसी सेल और आईआईसी के सहयोग से हुआ।
विद्यार्थियों को अतिरिक्त कौशल हासिल करने की प्रेरणा
इस व्याख्यान में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल दयालपुरा से अमरीक सिंह और सरकारी हाई स्कूल ढकोली से रमिंदर कौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. माला मलिक ने अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य करमबीर सिंह ने विद्यार्थियों को नियमित स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ अतिरिक्त कौशल हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जेजीएनडी पंजाब स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की सलाह दी।