शादी की रिसेप्शन पार्टी में मशहूर पंजाबी गायक गुरदास मान के ऊपर 500-2000 रुपये के नोट उड़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार को मोहाली, खरड़, जीरकपुर और चंडीगढ़ में बिल्डर व नेताओं के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। जिन लोगों के दफ्तर और घर पर आयकर टीमें पहुंचीं उनमें गिलको वैली प्रोजेक्ट के बिल्डर रणजीत सिंह गिल, उनके पार्टनर व पूर्व सरपंच रणधीर सिंह धीरा, खरड़ नगर परिषद की प्रधान जसप्रीत कौर लौंगिया और उनके जेठ भूपिंदर सिंह सैनी शामिल हैं। इन सभी के ठिकानों पर आयकर की कार्रवाई देर रात तक खबर लिखे जाने तक जारी रही।
बुधवार रात नगर परिषद खरड़ की प्रधान व अकाली नेता जसप्रीत कौर लौंगिया के जेठ के बेटे की शादी की रिसेप्शन पार्टी थी। जसप्रीत के पति अकाली नेता रणजीत सिंह गिल के बेहद करीबी हैं। वहीं रणजीत सिंह गिल अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में रिसेप्शन पार्टी में रणजीत सिंह गिल, सीएम भगवंत मान की बहन व शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह, पंजाब के खेल मंत्री मीत हेयर के अलावा कई अकाली नेता भी मौजूद थे।
इस दौरान पंजाब के प्रसिद्ध गायक गुरदास मान यहां कार्यक्रम पेश कर रहे थे। इस दौरान नेताओं ने गुरदास मान पर 500 और 2000 रुपये के लाखों रुपये उड़ाए। किसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो इतना वायरल हुआ कि आयकर विभाग तक पहुंच गया। वीडियो देखकर रात को ही आयकर विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए और भूपिंदर सिंह सैनी उर्फ काला, रणजीत सिंह गिल और रणधीर सिंह धीरा के ठिकानों की सूचना जुटाकर सुबह दबिश दे दी।
आयकर टीमें रणजीत सिंह गिल के दफ्तर और पार्टनर व पूर्व सरपंच रणधीर सिंह धीरा के दफ्तर और फेज-9 स्थित घर में जांच की कर रही हैं। वहीं, जसप्रीत कौर लौंगिया और उनके जेठ भूपिंदर सिंह सैनी उर्फ काला सैनी के मोहाली फेज-9 स्थित घर पर भी डेरा डाल रखा है। वहीं, जीरकपुर में ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट के बिल्डर के दफ्तर के अलावा रणजीत सिंह गिल की चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कोठी नंबर-18 के अलावा गिलको हाइट्स में रह रहीं कंपनी की एचआर रितिका, झुग्गियां रोड पर रह रहे एक पूर्व कर्मचारी बाजवा और रणजीत सिंह की मोहाली में फेज-7 स्थित कोठी में भी जांच चल रही है।
दो बार खरड़ विस चुनाव लड़ चुके हैं गिल
रणजीत सिंह गिल ने 1990 के आसपास खरड़ से रियल इस्टेट का काम शुरू किया था। इससे पहले वह रोपड़ में रियल इस्टेट का कारोबार करते थे। 2017 में अकाली दल के जत्थेदार उजागर सिंह बडाली का टिकट काटकर इन्हें टिकट दिया गया था। वहीं विधानसभा चुनाव-2022 में भी शिअद ने इन्हें टिकट दिया था लेकिन वह आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार अनमोल गगन मान से भारी अंतर से हार गए थे।
जीरकपुर में ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट बिल्डर के बाहर सीआरपीएफ तैनात
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर फ्लाईओवर के किनारे स्थित ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट के बिल्डर के दफ्तर में गुरुवार को सुबह करीब पांच बजे आयकर विभाग के कर्मचारी अचानक टैक्सियों में पहुंचे और जांच शुरू कर दी। दफ्तर बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। किसी भी व्यक्ति को न तो अंदर जाने दिया जा रहा है और न ही बाहर आने दिया जा रहा है। इतना ही नहीं मौके पर मीडिया कर्मचारियों को कवरेज करने से भी रोका जा रहा है। मीडिया वालों से कुछ कर्मचारियों की फोटो और वीडियो आदि अधिकारियों ने मौके पर ही डिलीट करवा दिए।