कुराली। गांव गोसलां के सरकारी हाई स्कूल में पंजाब शिक्षा क्रांति तहत 7.45 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। हल्का चमकौर साहिब के विधायक डा. चरणजीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे और उन्होंने स्कूल में बनाई नई चारदीवारी व कमरों के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया।
मुख्य अध्यापिका अनु अग्रवाल के नेतृत्व व अध्यापक कपिल मोहन अग्रवाल की देखरेख में इसका आयोजन हुआ। इस अवसर पर अध्यापक कपिल मोहन अग्रवाल ने बताया कि स्कूल को प्राप्त 7 लाख 45 हजार की ग्रांट से स्कूल में नई चारदीवारी का निर्माण करवाया गया तथा कमरों का नवीनीकरण कराया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में स्कूलों में विकास कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब के 23 जिलों में 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस चल रहे हैं। वर्तमान में पंजाब के सभी स्कूलों में चारदीवारी, स्वच्छ बाथरूम, अच्छे क्लासरूम और अच्छा फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है।
इस मौके पर मुख्य अध्यापक व स्टाफ ने विधायक डा. चरणजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए उनको सम्मानित किया।