जीरकपुर। जीरकपुर में बुधवार को वीआईपी रोड पर स्थित सिल्वर ओक सोसाइटी में पहला कनेक्शन देकर पीएनजी पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा शुरू की गई है। इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दी जाने वाली सुविधा का उद्घाटन विधायक एनके शर्मा ने किया। इस मौके पर विधायक ने खुशी जाहिर की गई कि जीरकपुर से इस सेवा की शुरुआत की गई है। इससे लोगों को राहत मिलेगी और गैस खत्म होने पर होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। लोगों को लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और समय की बचत भी होगी। उन्होंने ने कंपनी शुरू किए इस कार्य की प्रशंसा की। इस मौके पर इंडियन ऑयल अडानी गैस के प्रोजेक्ट हेड संजय तारत ने बताया की जल्द ही पीएनजी गैस के कनेक्शन पूरे जीरकपुर और आसपास के इलाके में भी जल्द शुरू कर दिए जाएंगे। जीरकपुर में का काम पूरा होने के बाद आसपास के गांवों को भी इसकी सप्लाई शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया की इस सुविधा की शुरुआत होने के बाद लोगों को गैस बुक करवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पाइप्ड नेचुरल गैस के जरिए सप्लाई दी जाएगी और दो महीने बाद ग्राहकों को इसका बिल भरना पड़ेगा। गैस के लिए पाइप लाइन डालने और मीटर लगाने का काम कंपनी की ओर से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक तो गैस बुकिंग से छुटकारा मिलेगा दूसरा यह गैस एलपीजी के मुकाबले सस्ती भी है। इस मौके पर कंपनी के अधिकारियों के अलावा हल्का विधायक एनके शर्मा काउंसलर मनदीप सिंह और परमिंदर सिंह बाजवा भी मौजूद थे।