जगह-जगह पर पेड़ गिरने से बिजली की तारें टूटी, विभाग की और से लोगों को जवाब ना देना बना परेशानी का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। बुधवार को रात आंधी तूफान आने से कई जगह पर पेड़ गिरे, जिस कारण बहुत से इलाकों में बिजली भी गुल रही। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यही हाल शहर के ज्यादातर इलाकों में था, कही सात घंटे के लिए बिजली नहीं आई तो कहीं 18 से 20 घंटो तक गुल रही। पेड़ गिरने से कई जगह पर बिजली की तारें टूट गई तो कहीं लोग बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बचें हैं। लोगों ने बताया कि जब देर रात वह बिजली विभाग की टीम को फोन कर अपनी समस्या बताने के लिए फोन कर रहे थे तो उनके फोन का जवाब तक नहीं दिया गया।
बॉक्स
फेज-5 से डी प्लास्ट को जाने वाली सड़क पर बुधवार को रात आए तूफान से सड़क के बीच एक पेड़ गिर गया। जब यह पेड़ गिरा तब सड़क से एक मोटरसाइकिल चालक गुजर रहा था, पेड़ को गिरता हुआ देख मोटरसाइकिल चालक असंतुलन हो गया। उसे किसी भी तरह की कोई भी चोट नहीं लगी। तूफान चलने के दौरान स्ट्रीट लाइट भी जलना बंद हो गई थी। इस कारण वहां से गुजरने वाले साइकिल चालक को बड़ी परेशानी हुई, क्योंकि पूरी सड़क पर अंधेरा हो गया था। तूफान के कारण जगह जगह पर पेड़ की डालियां गिरी हुई थी।
पेड़ गिरने से आने जाने वाहनों को काफी परेशानी हुई क्योंकि पेड़ सड़क के बीच में गिर गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने मिलकर पेड़ को बीच से हटाया, जिसके बाद गाड़ियों को गुजरने के लिए रास्ता मिला।
फेज-6 में स्थित सरकारी कॉलेज की दीवार पर एक पेड़ भी तेज तूफान के चलते गिर गया। इससे साथ में सटे बिजली खंबे की गुजर रही मेन तार भी टूट गई। इसके कारण फेज-6, बड़माजरा, झामपुर आदि इलाकों में बिजली का कट लग गया। बताया जा रहा है कि यह पेड़ रात को तेज तूफान के दौरान गिरा था। इस वीरवार को शाम करीब पांच बजे बिजली विभाग के कर्मचारी इस तार को जोड़ने के लिए मौके पर पहुंचे । इससे आस पास के इलाकों में रह रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिनके घर छोटे बच्चे हैं उनको काफी तकलीफ उठानी पड़ी।
फेज-1 स्थित मंडी के पास भी एक पेड़ तेज तूफान की चपेट में आकर गिर गया। पेड़ गिरने के साथ उसके साथ सटा स्ट्रीट लाइट का पोल भी गिर गया। पेड़ गिरते समय कोई व्यक्ति तो वहां मौजूद नहीं था पर एक रेहड़ी खड़ी थी जिसका अगला टायर पेड़ के नीचे दब गया। साथ ही पेड़ के गिरने से वहां से गुजर रही तारें भी टूट गई, जिसके कारण फेज-1 और मोहाली गांव के कुछ इलाकों में बिजली का कट लगा। लोग रात भर गर्मी से परेशान होकर सड़को पर घूमते रहे। साथ ही बिजली विभाग की टीम को संपर्क करते रहे , जिस पर किसी भी कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया।