मोहाली। शहर में मंगलवार को कोरोना से जंग जीतकर ठीक होने वाले संक्रमितों की संख्या नए संक्रमितों से ज्यादा रही। एक बार कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद ढकोली में एक बार फिर 200 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं, जबकि सबसे ज्यादा संक्रमित मोहाली शहर से ही सामने आए हैं। वहीं, कोरोना के कारण 12 लोगों की मौत भी हो गई।
मंगलवार को जिले में 847 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 889 लोग उपचार के बाद कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। वहीं मंगलवार को 12 लोगों की मौत होने के बाद जिले में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 634 हो गई है। उधर, ढकोली में हालात काबू में आते नजर नहीं आ रहे। यहां मंगलवार को 238 संक्रमण के नए मामले सामने आए। हालांकि सबसे ज्यादा 308 नए संक्रमित अकेले मोहाली शहर में मिले हैं। लालड़ू और बनूड़ में संक्रमण के सबसे कम महज एक-एक मामला ही सामने आया। खरड़ में भी संक्रमण का आंकड़ा डेढ़ सौ पार कर गया है। यहां मंगलवार को 161 नए कोरोना संक्रमित मिले। जबकि घडुआं में 64, डेराबस्सी में 43, बूथगढ़ में 26 और कुराली में संक्रमण के 5 मामले सामने आए। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 49932 पहुंच गई है। वहीं, मंगलवार को 889 लोगों के उपचार के बाद ठीक होने के साथ ही जिले में अब तक 40636 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। जिले में अब कोरोना के 8662 मामले सक्रिय हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है।