जीरकपुर। नगर परिषद जीरकपुर और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बुधवार को अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर फ्लाईओवर के साथ एन.के. शर्मा के दफ्तर से लेकर पटियाला चौक तक अवैध कब्जे हटाने की संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाए गए। कई दुकानदारों ने अपना सामान दुकानों के बाहर तक फैला रखा था, जबकि कुछ ने 8 से 10 फुट तक बोर्ड सड़क की ओर बढ़ा रखे थे। टीम ने मौके पर सभी बोर्ड उतरवाए और कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया।
नगर परिषद के अधिकारी बोले, किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे अतिक्रमण
नगर परिषद जीरकपुर के इंस्पेक्टर (जनरल) अशोक कुमार और इंस्पेक्टर (इंफोर्समेंट विंग) परविंदर जीत सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामान रखकर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, जो गलत है। इससे ट्रैफिक बाधित होता है, इसलिए किसी भी कीमत पर सड़क पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
फिर किया कब्जा तो होगी कानूनी कार्रवाई
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के हाईवे प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि नेशनल हाईवे पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज नगर परिषद जीरकपुर के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की गई है। यदि कोई व्यक्ति दोबारा से नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।