मोहाली। शहर की प्रमुख सड़कों पर बने अवैध कट स्थानीय लोगों के लिए लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। ओल्ड अमरटैक्स चौक से बलौंगी रोड, एयरपोर्ट रोड और आसपास के अन्य मुख्य मार्गों पर जगह-जगह बनाए गए अवैध कटों के कारण रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अतुल शर्मा, अजीत डोगरा, आरएस भुल्लर, इंद्रमणि त्रिपाठी और राम कुमार शाहीमाजरा सहित अन्य ने बताया कि नगर निगम की टीम कई बार इन अवैध कटों को बंद कर चुकी है लेकिन शरारती तत्व बार-बार इन्हें तोड़ देते हैं। इससे ट्रैफिक अव्यवस्था, वाहन असंतुलन और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
निगम से स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि बार-बार कट बंद करने से बेहतर है कि सख्त निगरानी और सड़क सुरक्षा मानकों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। नगर निगम अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएंगे और अवैध कटों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, सड़क हादसों को रोकने के लिए आवश्यक चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग भी स्थापित की जाएगी।