गमाडा की कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण गिराती जेसीबी।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने एक बार फिर से अवैध तरीके से लोगों द्वारा बनाई गई कोठियों, दुकानों और फार्म हाउस को गिराने की कार्रवाई की है। शनिवार को छुट्टी वाले दिन विभाग की टीम ने 55 स्ट्रक्चर गिरा दिए। यह कार्रवाई करीब पांच घंटे तक चली। यह सारा निर्माण पेरीफेरी क्षेत्र में पंजाब न्यू कैपिटल पेरीफेरी कंट्रोल एक्ट 1952 की धाराओं को तोड़कर किया गया था। वहीं, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह ड्राइव आगे भी जारी रहेगी। किसी को नियम तोड़कर निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सारी ड्राइव की वीडियोग्राफी करवाई गई। पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।
शनिवार को गमाडा की रेगुलेटरी विंग के ईओ रोहित गुप्ता की अगुवाई में मुहिम चली। टीम ने झांमपुर में स्थापित गैरकानूनी कालोनियों में कार्रवाई की। इस दौरान साईं एनक्लेव, गोबिंद एनक्लेव, सन सिटी, सनग्राम कालोनी, सतिंदर लूंबा कालोनी, दीप कालोनी, कृष्णा एनक्लेव व झांमपुर मनाणा सड़क के बाईं तरफ किए गए निर्माण को गिराया गया। इनमें दुकानें, रिहायशी मकान व निर्माणाधीन ढांचे शामिल थे। इस मौके पर गमाडा के ईओ ने कहा कि यह कार्रवाई गमाडा के सीए के आदेशों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट वरिंदर धूत व नायब तहसीलदार की अगुवाई में की गई।
जिक्रयोग है कि गत 15 दिन से गमाडा द्वारा गैरकानूनी तरीके से किए गए निर्माण के खिलाफ ड्राइव चलाई जा रही है। यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले 20 जुलाई को कार्रवाई की गई थी। इस दौरान करीब 15 ढांचे गिराए गए थे।