सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाई तो जाना पड़ेगा जेल, कूड़ा फेंकने पर तीन के खिलाफ केस दर्ज
जल निकास एवं खनन विभाग ने पटियाला की राव नदी में गंदगी फैलाने के आरोप में तीन पर केस दर्ज कराया
खास बात- अमर उजाला ने सात फरवरी को फोटो के साथ खबर प्रकाशित करके प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
वेद शर्मा
मोहाली। शहर में कूड़ा फैलाने वालों की अब खैर नहीं है। अगर जानबूझकर भी कोई ऐसा करता है तो अब उसको सलाखों के पीछे जेल जाना पड़ सकता है। सुनने में यह बात भले ही हैरानी वाली लगे, लेकिन यह हकीकत है। अमर उजाला की ओर से सात फरवरी को एयरपोर्ट रोड में पटियाला की राव नदी पर लगे कूड़े के ढेर का मुद्दा उठाने के बाद जल निकास एवं खनन विभाग ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। विभाग का आरोप है कि कूड़ा फेंकने से एक ओर जहां शहर की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है। वहीं इलाके से गुजरती पटियाला की राव (जल स्रोत) के प्रदूषित होने का खतरा पैदा हो गया है।
बता दें कि गोपाल स्वीट्स से एयरपोर्ट रोड (पीआर-7 रोड) की ओर आते हुए पटियाला की राव नदी के किनारे कूड़ा फेंके जाने से पहाड़ बन गया है। इस बारे में अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जल निकास एवं खनन विभाग हरकत में आया। विभाग ने लोगों की ओर से फेंके जाने वाले कूड़े की समस्या के हल के लिए वहां पर अपनी टीम के कुछ लोग तैनात कर दिए हैं। इस दौरान टीम ने यहां पर कूड़ा गिराने के लिए कार में सवार होकर आए तीन लोगों को कूड़ा गिराते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
इस मामले में विभाग के जेई हरप्रीत सिंह की शिकायत पर तीनों लोगों के खिलाफ थाना फेज-1 ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान राजेश, जतिंदर और संजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया है। वहीं इनके वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
इस संबंधी पुलिस जांच अधिकारी बलजिंदर सिंह मंड ने बताया कि विभाग के जेई की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को अब अपने वाहन अदालत में आकर छुड़ाने होंगे।
लोग बोले- विभाग लगातार जांच करे तो होगा समस्या का हल
एयरपोर्ट रोड पर पटियाला की राव नदी का पुल कचरे से लबालब भरा है। कचरे में प्लास्टिक से लेकर कांच के टुकड़े तक शामिल हैं। अव्यवस्था के कारण यहां पर फैली गंदगी क बदबू से स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी पैदा हो रही हैं। शहर दो हिस्सों में बंट कर रह गया है। एक तरफ सफाई के उचित पैमानों का पालन किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कूड़े के ढेर लगते जा रहे हैं। रोजाना सुबह कचरे की गाड़ी और रेहड़ी वाले कूड़ा उठाने आते हैं। इसके बावजूद भी लोग यहां पर कचरा फेंककर चले जाते हैं। लोगों की मजबूरी है कि कूड़े की बदबू और बीमारी के डर के साथ रहना पड़ रहा है। कचरे की वजह से खाना ढूंढते संरक्षित पशु भी वहां घूमते रहते हैं। कई बार तो पशु रास्ते से गुजर रहे लोगों पर हमला भी कर देते हैं। लोगों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने और समय-समय पर ऐसी जांच करते रहने की मांग की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में 81वीं रैंक से 113वीं रैंक पर पहुंचा था मोहाली
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में वीआईपी सिटी मोहाली को बड़ा झटका लगा था। 2022 में 32 पायदान नीचे गिरकर जिले को देशभर में 113वीं रैंक मिली थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि राज्य में मोहाली को तीसरी रैंक मिली थी। वहीं साल 2021 में मोहाली की 81वीं रैंक थी। रैंकिंग गिरने के पीछे सबसे बड़ा कारण मशीनों से सफाई का ठेका छह महीने से न होना बताया गया था।
मास्टर सलीम और बालमुकुंद शर्मा के ब्रांड एबेंसेडर बनने के बावजूद लोग नहीं हो रहे जागरूक
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के परिणाम में 32 पायदान नीचे आने के बाद निगम ने लोगों को जागरूक करने की पहल शुरू की थी। इसके मद्देनजर पंजाबी गायक मास्टर सलीम और पंजाबी हास्य कलाकार बालमुकुंद शर्मा को स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 के लिए ब्रांड एंबेसेडर नियुक्त किया है। फिर भी लोग सड़कों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। 2022 की स्वच्छ रैंकिंग में मोहाली नगर निगम 100 स्वच्छ शहरों की सूची से बाहर हो गया था।
कोट
विभाग की ओर से तैनात किए गए कर्मचारियों की टीम ने मौके पर ही तीन लोगों को कूड़ा फेंकते हुए पकड़ा है। भविष्य में भी विभाग की ओर से समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। यहां पर कभी भी विभाग के कर्मचारी तैनात किए जा सकते हैं और कूड़ा फेंकने वालों को दबोच लेंगे। लोगों से अपील है कि वे पटियाला की राव नदी में कूड़ा न फेंककर प्राकृतिक बहाव में बाधा न बनाएं। -हरप्रीत सिंह, जेई, जल निकासी और खनन विभाग मोहाली