मोहाली। वीआईपी सिटी में अगर घरों के बाहर मास्क पहने बिना मिले तो पुलिस चालान काटकर साथ में आपको पहनने के लिए मास्क भी देगी। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस के जवान कोरोना काल में मास्क पहनने में लापरवाही बरतने पर इससे होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक करेगी। इसके साथ ही एसपी ट्रैफिक गुरजोत सिंह की ओर से शहर में ‘मास्क पाओ, कोरोना भजाओ’ नाम से अभियान की शुरूआत की गई है।
मोहाली की ट्रैफिक पुलिस अब कानून और यातायात व्यवस्था बनाने के साथ-साथ लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक भी करेगी। अनलॉकिंग के साथ ही लोगों में मास्क और सामाजिक दूरी जैसी सावधानियों के प्रति लापरवाही भी बढ़ती जा रही है। महामारी की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है, लिहाजा इस दौरान ज्यादा सावधानी की जरूरत भी महसूस होने लगी है। सरकार ने बिना मास्क के घरोें से बाहर निकलने पर जुर्माना 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है। इसी बीच मोहाली के एसपी ट्रैफिक गुरजोत सिंह कलेर ने कम्यूनिटी पुलिसिंग का उदाहरण पेश करते हुए, कोरोना के जानलेवा खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने की मुहिम भी शुरू कर दी है। इससे पहले एसपी कलेर ने नॉयस फ्री मोहाली और वीकली लाइव जैसे कार्यक्रम शुरू किए हैं। जो अपनी तरह के पहले कदम हैं, जिन्हें पंजाब पुलिस ने शुरू किया है।
इसके मद्देनजर अब उनका ‘मास्क पाओ, कोरोना भजाओ’ अभियान भी शामिल हो गया है। एसपी ट्रैफिक ने रविवार को इस अभियान की औपचारिक शुरूआत कर दी। लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने के लिए शहर के चौकों, ट्रैफिक लाइट्स सिगनल सहित सभी प्रमुख जगहों पर लोगों को जागरूक करने के लिए ये पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं।
कोरोना से लोगों की मौत के साथ अर्थव्यवस्था हो हुआ नुकसान
‘मास्क पाओ, कोरोना भजाओ’ अभियान की शुरूआत करते हुए एसपी ट्रैफिक गुरजोत सिंह कलेर ने कहा कि कोरोना महामारी ने बड़े पैमाने पर न सिर्फ इंसानी जिंदगियों को बल्कि अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाया है। लिहाजा इसे लेकर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से बाहर निकलते वक्त मास्क पहनने की अपील करते हुए कहा कि अगर आप बिना मास्क लगाए मिले तो मोहाली ट्रैैफिक पुलिस निश्चित रूप से आपका चालान तो काटेगी ही, लेकिन साथ ही आपको मास्क देकर उसे पहनने का आग्रह भी करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस के जवान ट्रैफिक नियंत्रण के दौरान लोगों को जागरूक भी करेंगे। वे लोगों को कोरोना के खतरों और मास्क न पहनने और सामाजिक दूरी के नियम का पालन न करने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक भी करेंगे। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी ड्यूटी है तो वहीं समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। जिसे इन अभियानों के जरिए निभाने का प्रयास किया जा रहा है।