मोहाली। शहर में कोरोना को मात देने के लिए अब चालीस हजार लीटर की क्षमता वाला एक फायर टेंडर ड्यूटी पर लगाया गया है। जो कि एक बार में डेढ़ सौ किलोमीटर एरिया कवर कर सकता है और इसी से पूरे शहर में सैनिटाइजेशन की जाएगी।
सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने वीरवार को इसे हरी झंडी देकर रवाना किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार जहां महामारी से जंग लड़ रही है। वहीं, प्रभावित लोगों को राशन समेत सारा जरूरी सामान मुहैया करवा रही है। सेहत मंत्री ने बताया कि 40 हजार लीटर की क्षमता वाला एक बड़ा टैंकर पंजाब के पूर्व मंत्री एवं हलका कपूरथला के एमएलए राणा गुरजीत सिंह की ओर से भेजा गया है। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। इस टैंकर की मदद से अब पूरे शहर को सैनिटाइज किया जाएगा, ताकि कोरोना वायरस को खत्म किया जा सके। इस मौके पर राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि लॉकडाउन को ध्यान में रखकर उन्होंने यह स्पेशल टैंकर तैयार करवाए हैं। जिन्हें राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इन टैंकरों से जालंधर, कपूरथला, अमृतसर आदि शहरों में जरूरत पड़ने पर सैनिटाइजेशन की जाएगी। यह टैंकर कई शहरों में भेजे जा सकते हैं।
इस मौके पर डॉ. राज कुमार, नगर निगम मोहाली के कमिश्नर कमल कुमार गर्ग, अमरजीत सिंह जीती सिद्घू, सीनियर डिप्टी मेयर रिश्व जैन, पार्षद कुलजीत सिंह बेदी, एडवोकेट कंवरवीर सिंह, जसप्रीत सिंह गिल प्रधान सिटी कांग्रेस, पार्षद अमरीक सिंह सोमल, जसबीर सिंह माणकू, राजा कंवरजोत सिंह मोहाली, नच्छतर सिंह, नरपिंदर सिंह रंगी, गुरसाहिब सिंह, कमलदीप सिंह बन्नी, अमनप्रीत विक्टर, नवनीत तोकी आदि मौजूद थे।