जीरकपुर। सड़को पर संरक्षित पशु (गोवंश) छोड़ने वालों पर अब नगर परिषद कार्रवाई करेगी। गोवंश को पकड़ने के बाद उसके मालिकों से नगर परिषद जुर्माना वसूलेगा। पहली बार पकड़े जाने पर दो हजार, दूसरी बार पकड़े जाने पर पांच हजार और तीसरी बार पकड़े जाने पर सात हजार जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी गोवंश सड़क पर मिला तो उसे पकड़ कर गोशाला में छोड़ दिया जाएगा।
बता दें कि जीरकपुर शहर की आबादी बढ़ती जा रही है। वहीं, आसपास के गांवों में रहने वाले पशुपालक अपने पशुओं को चरने के लिए सड़क पर छोड़ देते हैं जोकि शहर में दिन भर घूम-घूम कर जहां हादसों को न्योता देते हैं। वहीं, ग्रीन बेल्ट व पार्क में उगी घास को भी खा जाते हैं। अक्सर देखने में आया है कि गोवंश को जब गंभीर बीमारी लग जाती है या वे दूध देना बंद कर देते हैं तो उन्हें सड़कों पर छोड़ दिया जाता है।
जीरकपुर में संरक्षित पशुओं की समस्या सबसे गंभीर है। इससे निपटने के लिए जीरकपुर नगर परिषद के पास पर्याप्त संसाधन की कमी है। पिछले एक महीने में परिषद की टीम केवल 50 संरक्षित गाय ही पकड़ सकी है जबकि शहर की सड़कों पर अभी भी हजारों संरक्षित पशु घूम रहे है। इन्हें पकड़ने के लिए तजुर्बेकार लोगों की कमी है। साथ ही वाहन भी एक ही है। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा 10 लोगों और एक और गाड़ी का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है जिसे आने वाली सदन की बैठक में रखा जाएगा।
जीरकपुर में एक भी सरकारी गोशाला नहीं
शहर में एक भी सरकारी गोशाला के नहीं होने से शहर में संरक्षित पशुओं की समस्या बढ़ रही है। परिषद पशुओं को पकड़ने के बाद उसे लालड़ू स्थित सरकारी गोशाला में छोड़ती है। इस कारण समय और पैसे की बर्बादी होती है। वहीं परिषद के पास जो एक गाड़ी है, उसमें भी 3-4 से ज्यादा पशु एक समय में नहीं आ सकते।
कोट्स
संरक्षित पशुओं की समस्या पर लगातार काम कर रहे हैं। देखने में आया है कि कुछ लोग पशुओं को छोड़ते हैं। अब ऐसे करने वालों के पशु पकड़कर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना पहले भी लगता था लेकिन अब बार-बार पकड़े जाने पर जुर्माने की राशि बढ़ती जाएगी। -रवनीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जीरकपुर