मोहाली। डीसी गिरीश दयालन और उनकी पत्नी एसएसपी फतेहगढ़ साहिब को इटली से लौटने के बाद सेहत विभाग की ओर से होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई थी। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थी। शनिवार को डीसी मोहाली ने बयान जारी कर साफ किया है कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हैं। सरकार की हिदायतों के मुताबिक एहतियात के तौर पर होम आइसोलेशन में हैं।
इस पर शनिवार को डीसी मोहाली गिरीश दयालन ने कहा है कि... मैं कोरोना वायरस के संक्रमित नहीं हूं, बल्कि सेहत विभाग और सरकार की हिदायतों के मुताबिक एहतियात के तौर पर 18 मार्च तक होम आइसोलेशन में हूं। इटली से लौटने के 18 दिन बाद भी मुझमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं।
अपने इस बयान के साथ ही डीसी मोहाली ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि भारत सरकार की हिदायत है कि कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से लौटने वाले भारतीयों को एहतियात के तौर पर घर में ही आइसोलेट किया जाए, भले ही वह कोरोना वायरस के लक्षणों से मुक्त क्यों न हों। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि उनकी तरह ही विदेश से लौटने वाले लोगों को एयरपोर्ट पर थर्मल स्कैनिंग के बाद भी इन हिदायतों का पालन करना चाहिए। उन्होंने लोगों से कोरोना वायरस को लेकर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि इससे घबराने की नहीं बल्कि एहतियात बरतने की जरूरत है। अगर किसी में इसके लक्षण पाए जाते हैं तो डॉक्टरों से सलाह जरूर लेनी चाहिए और अपना मेडिकल चेकअप जरूर करवाएं।