लालड़ू। लालड़ू-हंडेसरा मार्ग पर स्थित गांव बल्लोपुर के निकट हाइड्रा की चपेट में आने से आठ वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत हो गई। बच्चा साइकिल के पीछे बैठकर किसी के साथ जा रहा था। हाइड्रा के टायरों तले उसका सिर कुचला गया जबकि साइकिल चालक हादसे में बाल-बाल बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा सुबह करीब 9:30 बजे गांव बल्लोपुर के समीप हुआ। 8 वर्षीय योगेश काफी समय से बल्लोपुर में रह रहा था। वह सरकारी स्कूल में पहली कक्षा का विद्यार्थी था। परिवार गाना बजाना कर अपना गुजर बसर करता है। योगेश परिवार का इकलौता बेटा था। जांच अफसर निर्भय सिंह ने बताया कि वह साइकिल के पीछे बैठकर जा रहा था कि पीछे से एक हाइड्रा ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें साइकिल समेत चालक एक तरफ जा गिरा जबकि योगेश सड़क पर गिर गया और हाइड्रा के पहिए उसके सिर पर से गुजर गए। हादसे के बाद हाइड्रा छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डेराबस्सी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।