फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: रंजिश में एक लाख के इनामी गैंगस्टर ने होटल मालिक के बेटे पर फायरिंग, पांच गोलियों से दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
जीरकपुर। पटियाला रोड पर स्थित एमएम क्राउन होटल के मालिक के बेटे पर रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक बदमाश ने पांच गोलियां चला दीं। यह होटल हाईवे से 100 मीटर अंदर गली में बना हुआ है। गोलियां यमुनानगर के मोस्टवांटेड और एक लाख के इनामी गैंगस्टर शुभम पंडित ने चलाई है। उस पर पहले भी 12 मामले दर्ज हैं। दोनों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि गगन को एक भी गोली नहीं लगी। होटल के पास कार बाजार में खड़ी दो गाड़ियां गोलियां लगने से क्षतिग्रस्त हो गईं। भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गैंगस्टर शुभम पंडित बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर आया था। सूचना मिलने के बाद एसएचओ सतिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। सीआईए टीम भी जांच के लिए पहुंची थी। पुलिस ने मौके से पांच कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, सीसीटीवी फुटेज भी हासिल की है। मौका-ए-वारदात पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। उन्होंने मौके से कुछ सैंपल एकत्र किए हैं। मोहन मित्तल ने डेढ़ महीने पहले ही यह होटल लीज पर लिया है।
विज्ञापन

एसएचओ सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि पटियाला रोड पर स्थित होटल एमएम क्राउन के मालिक मोहन मित्तल के बेटे गगन पर किसी ने गोली चला दी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो पाया कि हमलावर ने पांच राउंड फायर किए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 11.22 पर एक नकाबपोश मोटरसाइकिल पर होटल के नीचे आया। वहां गगन अपने एक साथी के साथ होटल के नीचे खड़ा था। शुभम पंडित ने आते ही पिस्टल निकाली तो गगन मौके से भाग निकला। शुभम पंडित गोलियां चलाते उसके पीछे भागा। गगन कार बाजार वाली गली में घुस गया जहां ब्रदर कार बाजार के मालिक मनोज टंडन की एक्सयूवी -700 व सेल के लिए खड़ी स्विफ्ट कार पर गोलियां लगी। शुभम पंडित ने पांच राउंड फायर किए जिनमें एक गोली स्विफ्ट गाड़ी के बोनट से निकलकर गाड़ी के दूसरी तरफ फंस गई। उसके बाद शुभम पंडित बाइक सहित मौके से फरार हो गया। थाना अधीक्षक सतिंदर सिंह के अनुसार हमलावर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गगन के बताने अनुसार उस पर गोलियां चलाने वाला गैंगस्टर शुभम पंडित हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरानी रंजिश का मामला है। दोनों ही मूल रूप से यमुनानगर के रहने वाले हैं और एक दूसरे के परिचित भी थे।

तिहरे हत्याकांड में वांछित है शुभम पंडित

हरियाणा पुलिस ने जून 2025 में शुभम पंडित को मोस्ट वांटेड घोषित कर उसके फोटो, नाम, पते सहित जगह-जगह पोस्टर लगाए थे और उस पर एक लाख का इनाम भी रखा था। हरियाणा पुलिस तभी से शुभम पंडित की तलाश कर रही थी। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला वाराणसी के गांव साधवगंज का शुभम पंडित वर्तमान में यमुनानगर के थाना गांधीनगर क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में रहता है। वह थाना रादौर क्षेत्र के गांव खेड़ी लक्खा सिंह में 26 दिसंबर 2024 को हुए तिहरे हत्याकांड में वांछित है। इस दौरान खेड़ी लक्खा सिंह चौकी के पास सुबह आठ बजे बाइक पर आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई सहित तीन शराब ठेकेदारों पर अंधाधुंध 60 से ज्यादा गोलियां चलाईं थी। घटनास्थल से 56 खोल बरामद हुए थे। इसमें गोलनी निवासी वीरेंद्र राणा व उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव मखमूलपुर निवासी पंकज मलिक व उन्हेड़ी निवासी अर्जुन की हत्या कर दी गई थी। अगले दिन लॉरेंस ग्रुप के गैंगस्टर काला राणा के भाई गैंगस्टर सूर्य प्रताप उर्फ नोनी राणा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल तिहरे हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। मामले में पांच पुलिसकर्मी, दो एसपीओ व दो होमगार्ड के जवान बर्खास्त कर दिए गए थे।
विज्ञापन


तिहरे हत्याकांड में 16 को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
तिहरे हत्याकांड में शामिल शूटरों के मददगार 16 लोगों को एसटीएफ व पुलिस टीमें गिरफ्तार कर चुकी हैं। इनमें मास्टर माइंड सन्नी सलेमपुर के पिता सलेमपुर बांगर निवासी परमजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया था। ऐसे ही गांव ताजेवाला निवासी अरबाज, छछरौली निवासी सचिन हांडा, जठेड़ी निवासी नीरज कुमार, तन्नू व मन्नू व अन्य शामिल हैं। इन पर आरोप थे कि किसी ने कार उपलब्ध कराई तो किसी ने कपड़े, रुपये व हथियार। कोई शूटरों को कार में लेकर गया। शूटरों में रोमिल वोहरा व शुभम पंडित का नाम आया। इनमें तीन लाख के इनामी गैंगस्टर रोमिल को 24 जून को गुरुग्राम में एसटीएफ ने ढेर कर दिया, पर एक लाख का इनामी शुभम पंडित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। उसकी तलाश में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) व पुलिस टीमें दबिश दे रही थी।

कोट्स

गगन के बयान पर यमुनानगर के शुभम पंडित के खिलाफ इरादा कत्ल और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुभम पंडित वही गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ हरियाणा पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ है। -गजलप्रीत कौर, एएसपी जीरकपुर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें